एडिलेड। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में पाकिस्तान के पूर्व स्टार बल्लेबाज शाहिद अफरीदी का सर्वकालिक छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गए हैं। रोहित इस समय ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज में टीम के लिए खेल रहे हैं और यह उनका अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सात महीने बाद की वापसी है।
दूसरा वनडे 23 अक्टूबर को खेलेगी टीम इंडिया
तीन मैचों की सीरीज में भारत फिलहाल 0-1 से पीछे है और उसकी निगाहें 23 अक्टूबर को एडिलेड में खेले जाने वाले दूसरे वनडे पर टिकी हुई हैं। कप्तान शुभमन गिल के नेतृत्व में टीम दिवाली के मौके पर एडिलेड पहुंची, जहां भारतीय प्रशंसकों ने विशेष रूप से रोहित शर्मा और विराट कोहली का जोरदार स्वागत किया।
पहले मैच में रो-को का प्रदर्शन नहीं रहा शानदार
रोहित और विराट कोहली ने 19 अक्टूबर को पहले वनडे में भारत के लिए 223 दिन बाद वापसी की थी। हालांकि पहले मैच में दोनों दिग्गज बल्लेबाजों का प्रदर्शन शानदार नहीं रहा। रोहित केवल 14 गेंदों पर 8 रन बनाकर आउट हुए, जबकि कोहली भी आधे घंटे से ज्यादा क्रीज पर टिक नहीं सके।
हिटमैन के पास रिकॉर्ड ब्रेक करने का सुनहरा मौका
“हिटमैन” रोहित शर्मा के नाम वनडे में अब तक 344 छक्के दर्ज हैं। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने अपने वनडे करियर में कुल 351 छक्के लगाए थे। अगर रोहित अगला मैच धमाकेदार अंदाज में खेलते हैं, तो वे केवल 8 छक्के पीछे रहते हुए इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। इसके साथ ही रोहित के पास वनडे में 350 छक्के लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज बनने का मौका भी है।
क्या इस बार रोहित शर्मा के बल्ले से निकलेंगे आठ छक्के, देखना होगा दिलचस्प।
