Toxic Teaser Mystery Man: कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित फिल्म Toxic को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हाल ही में निर्देशक गीतू मोहनदास ने फिल्म का नया टीजर जारी किया, जिसके सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर तेज हो गया।
टीजर के अंतिम दृश्य में एक रहस्यमयी शख्स नजर आता है, जिसका चेहरा साफ तौर पर नहीं दिखाया जाता। यह किरदार आक्रामक अंदाज में ‘आई एम होम डैडी’ कहते हुए दिखाई देता है। इस सीन ने फैंस के बीच कई तरह के कयासों को जन्म दे दिया। सोशल मीडिया पर लगातार चर्चा हो रही थी कि आखिर यह मिस्ट्री मैन कौन है।
अब इस सस्पेंस से पर्दा उठाते हुए यश और गीतू मोहनदास ने सोशल मीडिया पर फिल्म का नया पोस्टर साझा किया है। पोस्टर में सामने आया कि टीजर में दिखा रहस्यमयी किरदार खुद यश का ही एक अलग अवतार है। बदले हुए लुक और गहन अंदाज में यश को पहचान पाना दर्शकों के लिए आसान नहीं था, जिससे यह रहस्य और भी गहरा हो गया था।
हालांकि, इस खुलासे के बाद भी कहानी को लेकर कई सवाल बने हुए हैं। क्या यह किरदार ‘राया’ का बेटा है या फिर उसके अतीत से जुड़ा कोई अहम अध्याय? पोस्टर में “रॉकिंग स्टार यश इन ‘टॉक्सिक’ ऐज टिकिट” लिखा हुआ नजर आता है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि फिल्म में उनका किरदार ‘टिकिट’ नाम से हो सकता है। हालांकि मेकर्स ने इस बारे में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
फिल्म 19 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। टीजर और पोस्टर ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ‘टॉक्सिक’ में यश किस तरह के किरदार और कहानी के साथ बड़े पर्दे पर धमाल मचाते हैं।
