किच्छा: दरऊ में हुए चर्चित आलिम हत्याकांड के दो आरोपियों को पुलिस ने एक ढाबे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से दो तमंचे और दो कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
शनिवार को कोतवाली में आयोजित प्रेस वार्ता में एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि 18 अगस्त की सुबह, ग्राम दरऊ निवासी आलिम की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के भाई शमी ने छह नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
जांच अधिकारी प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र कुमार के नेतृत्व में मामले की विवेचना की जा रही है। हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छह विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया था, जो लगातार संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दे रही थीं।
गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि कुछ अन्य आरोपियों ने न्यायालय में आत्मसमर्पण के लिए आवेदन किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही बाकी आरोपियों की भी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि यह मामला गंभीर प्रकृति का है और इसमें शामिल सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।
