फिल्मी गलियारों में इन दिनों अभिनेता संजय मिश्रा और अभिनेत्री महिमा चौधरी की नई फिल्म ‘दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी’ की खूब चर्चा हो रही है। हाल ही में दोनों सितारों ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म का नया पोस्टर रिलीज़ किया, जिसने फैंस के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है।
पोस्टर में संजय मिश्रा और महिमा चौधरी एक-दूसरे की पीठ से टिके हुए बैठे हैं और दोनों के हाथों में किताबें हैं। हल्के-फुल्के रोमांटिक मूड में तैयार इस पोस्टर ने फिल्म के कॉमेडी और ड्रामा से भरपूर होने के संकेत दे दिए हैं।
फैंस ने बरसाया प्यार
पोस्टर के साथ दोनों ने जो मज़ेदार कैप्शन लिखा है, उसने सोशल मीडिया पर खूब ध्यान खींचा। कैप्शन में लिखा गया है —
“हो ले जाएंगे ले जाएंगे, दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे… अरे रह जाएंगे रह जाएंगे, पैसेवाले देखते रह जाएंगे!”
यह कैप्शन देखते ही फैंस के कमेंट्स की बाढ़ आ गई।
एक यूजर ने लिखा, “संजय सर, आप तो कमाल के हैं!”
दूसरे ने मज़ाकिया लहजे में कहा, “आउट ऑफ सिलेबस फिल्म आने वाली है!”
वहीं कई फैंस ने लिखा कि वे फिल्म का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
फिल्म का निर्देशन सिद्धांत राज के हाथों में
‘दुर्लभ प्रसाद की दूसरी शादी’ का निर्देशन सिद्धांत राज कर रहे हैं।
फिल्म में संजय मिश्रा, महिमा चौधरी और व्योम यादव अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
कुछ समय पहले सेट से दोनों कलाकारों की शादी वाले लुक में तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिन्हें देखकर फैंस हैरान रह गए थे — हालांकि बाद में पता चला कि वे फिल्म की शूटिंग का हिस्सा थीं।
हल्के-फुल्के हास्य और रोमांस का मेल
फिल्म की कहानी एक मिडल एज रोमांटिक कॉमेडी के रूप में बताई जा रही है, जिसमें रिश्तों, समाज और हास्य का दिलचस्प मिश्रण देखने को मिलेगा।
फिल्म के ट्रेलर और रिलीज़ डेट को लेकर मेकर्स जल्द ही आधिकारिक घोषणा करने वाले हैं।
