पौड़ी गढ़वाल: पौड़ी जनपद के गजेल्ड (गजल्ड) गांव में दहशत का माहौल पैदा करने वाले नर-भक्षी गुलदार को आखिरकार मार गिराया गया। पिछले कई दिनों से लगातार हमले कर रहा यह गुलदार स्थानीय लोगों के लिए बड़ी चिंता का कारण बना हुआ था। ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वन विभाग और प्रशासन को त्वरित व कड़े निर्देश जारी किए।
सीएम धामी के आदेश के बाद विशेष शिकारियों की एक टीम गांव में तैनात की गई। टीम ने क्षेत्र में चौबीसों घंटे निगरानी रखी, तकनीकी साधनों से ट्रैकिंग की और सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। लंबे प्रयासों के बाद मंगलवार को टीम ने गुलदार को सफलतापूर्वक ढेर कर दिया।
मुख्यमंत्री धामी ने इस कार्रवाई को टीमवर्क का परिणाम बताते हुए कहा कि ग्रामीणों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने वन विभाग, स्थानीय प्रशासन और शिकार विशेषज्ञों की समन्वित कार्रवाई की सराहना की।
सरकार ने यह भी आश्वासन दिया है कि प्रभावित गांवों और आसपास के क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों। ग्रामीणों ने गुलदार के ढेर होने के बाद राहत की सांस ली।
