नई दिल्ली: दिल्ली के आदर्श नगर थाना क्षेत्र स्थित लालबाग इलाके में देर रात एक मामूली विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। घर के बाहर शोर-शराबा और गाली-गलौज कर रहे दो नाबालिगों को टोकना एक 50 वर्षीय व्यक्ति को भारी पड़ गया। आरोप है कि विवाद के दौरान एक नाबालिग ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान बिहारी लाल के रूप में हुई है, जो पेशे से दर्जी थे और परिवार के साथ ए-ब्लॉक, लालबाग में रहते थे। घटना के समय दो किशोर उनके घर के बाहर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे। बिहारी लाल ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया और वहां से जाने को कहा, तो दोनों नाबालिग भड़क गए। कहासुनी के बाद उन्होंने बिहारी लाल को धक्का दिया और इसी दौरान एक नाबालिग ने चाकू से हमला कर दिया।
परिजन तुरंत घायल बिहारी लाल को नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त भीष्म सिंह ने बताया कि मामले में एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है, जबकि उसका साथी फरार है। उसकी तलाश के लिए कई पुलिस टीमों को लगाया गया है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए नाबालिग से पूछताछ की जा रही है।
