इंदिरापुरम। इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में निवेश के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। वसुंधरा सेक्टर-1 निवासी एक युवक ने अपने पूर्व परिचित पर लाखों रुपये हड़पने और रकम मांगने पर धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित के मुताबिक, आरोपी से उसकी पहचान एक निजी कंपनी में साथ काम करने के दौरान हुई थी। नौकरी छोड़ने के बाद भी आरोपी संपर्क में रहा और खुद को ट्रेडिंग व कमेटी संचालन का जानकार बताकर ऊंचे रिटर्न का भरोसा दिलाया। शुरुआत में उसने कम रकम निवेश कराकर समय पर लाभ लौटाया, जिससे भरोसा मजबूत हो गया।
कुछ महीनों बाद आरोपी ने दो अलग-अलग कमेटियों में बड़ी रकम लगाने का प्रस्ताव रखा और तय समय में मोटा मुनाफा दिलाने का वादा किया। झांसे में आकर पीड़ित ने कुल आठ लाख रुपये दे दिए, जिनमें कुछ रकम बैंक ट्रांसफर और बाकी नकद बताई जा रही है। आरोप है कि पैसे लेने के बाद आरोपी ने टालमटोल शुरू कर दी और धीरे-धीरे संपर्क कम कर दिया।
पीड़ित का कहना है कि बार-बार मांगने पर पहले भुगतान का आश्वासन दिया गया, लेकिन बाद में गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद उसने पुलिस का दरवाजा खटखटाया।
मामले में उत्तर प्रदेश पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है। संबंधित बैंक खातों का विवरण जुटाया जा रहा है और आरोपी को नोटिस भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
