Central Railway Recruitment: केंद्रीय रेलवे के रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (RRC-CR) ने अप्रेंटिस पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती अभियान के तहत सेंट्रल रेलवे में कुल 51 प्रशिक्षु पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। इच्छुक और पात्र उम्मीदवार निर्धारित तिथियों के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 10 मार्च 2026 सुबह 11 बजे से शुरू हो चुकी है और 9 अप्रैल 2026 शाम 5 बजे तक जारी रहेगी। उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से कम से कम 50 प्रतिशत अंकों के साथ 10वीं पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही संबंधित ट्रेड में एनसीवीटी या एससीवीटी से आईटीआई प्रमाणपत्र होना भी जरूरी है।
आवेदकों की आयु सीमा 15 से 24 वर्ष के बीच तय की गई है। आयु की गणना अधिसूचना में दी गई तिथि के आधार पर की जाएगी। आवेदन शुल्क सामान्य और ओबीसी वर्ग के उम्मीदवारों के लिए 100 रुपये रखा गया है, जबकि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग और महिला अभ्यर्थियों को शुल्क से छूट दी गई है।
चयनित अभ्यर्थियों को एक वर्ष का प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें प्रति माह 9,600 रुपये का स्टाइपेंड मिलेगा। हालांकि अभ्यर्थियों को रहने के लिए हॉस्टल की सुविधा उपलब्ध नहीं कराई जाएगी।
