UGC Net December 2025: National Testing Agency (NTA) ने यूजीसी नेट दिसंबर 2025 सत्र की संशोधित फाइनल आंसर की जारी कर दी है। यह कदम दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश के बाद उठाया गया, क्योंकि पहले जारी की गई आंसर की (3 अप्रैल) में सभी विषय शामिल नहीं थे। उस समय केवल हिस्ट्री, इकोनॉमिक्स, एजुकेशन, कॉमर्स और हिंदी विषयों की आंसर की जारी हुई थी।
इस संशोधित आंसर की में सबसे ज्यादा बदलाव हिस्ट्री विषय में किए गए हैं। NTA ने चार प्रश्नों को पूरी तरह हटा दिया है, जबकि तीन प्रश्नों को मल्टीपल करेक्ट (दो सही उत्तर) के रूप में स्वीकार किया गया है। यह निर्णय उम्मीदवारों की आपत्तियों की समीक्षा के बाद लिया गया। हिस्ट्री विषय में लगभग 60,000 से अधिक अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी, इसलिए इसका असर बड़ी संख्या में उम्मीदवारों पर पड़ेगा।
कॉमर्स विषय में भी बदलाव किए गए हैं। 3 जनवरी (पहली शिफ्ट) के पेपर में तीन प्रश्न हटाए गए हैं और एक प्रश्न के दो सही उत्तर स्वीकार किए गए हैं। इससे संबंधित छात्रों के स्कोर और रैंकिंग में बदलाव संभव है।
हालांकि, इकोनॉमिक्स, एजुकेशन और हिंदी विषयों की आंसर की में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इन विषयों के प्रश्नों को सही माना गया है।
यह पूरा मामला तब सामने आया जब एक छात्र कार्तिकेय काहोल ने कोर्ट में याचिका दाखिल कर कुछ प्रश्नों को चुनौती दी। इसके बाद अदालत के निर्देश पर NTA ने दोबारा समीक्षा कर यह संशोधित आंसर की जारी की।
अब उम्मीदवारों को संशोधित परिणाम का इंतजार है, जो जल्द ही आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
