नई दिल्ली- दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत एन्क्लेव में सेना के ब्रिगेडियर और उनके बेटे पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इससे पहले इस मामले में दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया था, जिन्हें बाद में जमानत मिल गई थी।
पुलिस के मुताबिक, हाल ही में गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सुरजीत सिंह, सुनील शर्मा, आशीष और सतेंद्र शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि घटना से पहले सभी आरोपी महरम नगर में एक साथ मौजूद थे। इसी दौरान मुख्य आरोपी का फोन आने के बाद वे सभी सुरजीत की कार से वसंत एन्क्लेव पहुंचे, जहां पहले से चल रहे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।
बताया जा रहा है कि 11 अप्रैल की रात ब्रिगेडियर और उनके बेटे ने घर के बाहर एक कार में शराब पी रहे कुछ लोगों को टोका था। इसके बाद विवाद बढ़ गया और कुछ अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने ब्रिगेडियर और उनके बेटे के साथ मारपीट की, साथ ही उनकी पत्नी के साथ अभद्रता और धमकी भी दी।
घटना के बाद मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार को भी जब्त कर लिया है। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
