देहरादून – चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच परिवहन विभाग ने कॉमर्शियल वाहनों के लिए ग्रीन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। अब तक कुल 8112 ग्रीन कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिससे यात्रा व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने में मदद मिल रही है।
उप परिवहन आयुक्त शैलेश तिवारी के अनुसार, ग्रीन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। वाहन स्वामी निर्धारित पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं और फीस भी ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। हल्के मोटर वाहनों के लिए 400 रुपये और मध्यम व भारी वाहनों के लिए 600 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन के बाद वाहन स्वामी को परिवहन कार्यालय में आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं, जिनमें वाहन के प्रमाणपत्र, मार्ग परमिट, टैक्स जमा रसीद, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र और चालक का लाइसेंस शामिल है। दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ वाहन का भौतिक निरीक्षण भी किया जाता है।
सभी प्रक्रियाएं पूरी होने और दस्तावेज सही पाए जाने पर ग्रीन कार्ड जारी किया जाता है। यह एक महत्वपूर्ण दस्तावेज है, जिसमें वाहन से संबंधित सभी जरूरी जानकारियां दर्ज होती हैं। ग्रीन कार्ड केवल व्यावसायिक (कॉमर्शियल) वाहनों के लिए ही अनिवार्य है।
