नई दिल्ली- दक्षिण-पूर्वी दिल्ली में पुलिस और एक कुख्यात बदमाश के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुल प्रहलादपुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से वांछित अपराधी सुनील उर्फ शेट्टी उर्फ देवा को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बदमाश की लोकेशन मिलने के बाद काया माया अस्पताल के पास डीडीए पार्क क्षेत्र में घेराबंदी की गई। पुलिस टीम ने जैसे ही आरोपी को रोकने का प्रयास किया, उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी कई गंभीर मामलों में वांछित था। उसके खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक केस दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से दिल्ली के विभिन्न इलाकों में सक्रिय था और कई थानों की सूची में बैड कैरेक्टर के रूप में दर्ज था।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक देसी पिस्टल, कारतूस और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।