यूएफा चैंपियंस लीग में पेरिस सेंट-जर्मेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल के दूसरे लेग में बायर्न म्यूनिख के खिलाफ मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहने के बावजूद पीएसजी ने कुल एग्रीगेट स्कोर 6-5 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट हासिल किया। अब खिताबी मुकाबले में उसका सामना आर्सेनल से होगा।
म्यूनिख के एलियांज एरिना में खेले गए मुकाबले में पीएसजी ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच के शुरुआती मिनटों में ओस्मान डेम्बेले ने ख्विचा क्वारात्सखेलिया के शानदार पास पर गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद बायर्न ने वापसी की कोशिश की, लेकिन पीएसजी की मजबूत डिफेंस और गोलकीपर माटवेई साफोनोव ने कई बेहतरीन बचाव किए।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने लगातार गोल करने के मौके बनाए। बायर्न के गोलकीपर मैनुअल न्यूएर ने भी कई शानदार सेव करते हुए अपनी टीम को मुकाबले में बनाए रखा। मैच के अंतिम क्षणों में हैरी केन ने गोल कर बायर्न की उम्मीदें जगा दीं, लेकिन टीम एग्रीगेट स्कोर में पिछड़ गई और फाइनल की दौड़ से बाहर हो गई।
पीएसजी के कोच लुइस एनरिक ने टीम के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि बायर्न जैसी मजबूत टीम के खिलाफ दबाव में खेलना आसान नहीं था, लेकिन खिलाड़ियों ने शानदार जज्बा दिखाया। अब 30 मई को होने वाले फाइनल मुकाबले में पीएसजी और आर्सेनल के बीच यूरोप की सबसे बड़ी फुटबॉल ट्रॉफी के लिए भिड़ंत होगी।