देहरादून- उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में मौसम का मिजाज अभी भी तल्ख बना हुआ है। बुधवार को भी कई जिलों में खराब मौसम की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने 13 मई के लिए पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान को लेकर चेतावनी जारी की है।
जारी पूर्वानुमान के अनुसार उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में तेज बारिश के साथ बिजली गिरने, ओले पड़ने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। इन परिस्थितियों को देखते हुए इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा, 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के भी आसार हैं। राज्य के अन्य जिलों में भी गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का कहना है कि 18 मई तक प्रदेशभर में मौसम इसी तरह अस्थिर बना रह सकता है।