नई दिल्ली – दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मंदिरों में चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ निवासी 44 वर्षीय मोहित शर्मा उर्फ ‘मामा’ के रूप में हुई है, जो पंजाब, केरल और कर्नाटक में दर्ज कई मामलों में वांछित चल रहा था। पंजाब की अदालत ने उसे एक मंदिर चोरी मामले में भगोड़ा भी घोषित कर रखा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से अलग-अलग राज्यों में ठिकाने बदलकर रह रहा था ताकि गिरफ्तारी से बच सके। वह सुनसान इलाकों में स्थित और कम सुरक्षा वाले मंदिरों की पहले रेकी करता था, फिर देर रात या सुबह के समय चोरी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपी खास तौर पर मंदिरों में रखी चांदी की मूर्तियां, दान पेटियां, देवी-देवताओं के आभूषण और अन्य कीमती सामान को निशाना बनाता था।
अपराध शाखा के डीसीपी हर्ष इंदौरा ने बताया कि आरोपी की दिल्ली में मौजूदगी की सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर गौतम मलिक की टीम ने पटियाला हाउस कोर्ट के पास जाल बिछाया। रविवार को जैसे ही आरोपी अपनी एक साथी से मिलने वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे घेर लिया। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर कुछ दूरी पर उसे दबोच लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी केवल नौवीं तक पढ़ा है और पहले गांव की एक डेरी में काम करता था। वहीं उसकी मुलाकात कुलवंत सिंह नामक व्यक्ति से हुई, जिसके बाद वह अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया। पुलिस अब आरोपी से अन्य राज्यों में हुई चोरी की घटनाओं को लेकर पूछताछ कर रही है।