रुद्रप्रयाग- नागालैंड के राज्यपाल नंद किशोर यादव ने बुधवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर भगवान शिव के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
धाम पहुंचने पर मंदिर समिति और प्रशासनिक अधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने गर्भगृह में बाबा केदार के दर्शन कर आशीर्वाद लिया। दर्शन के बाद उन्होंने केदारनाथ धाम की आध्यात्मिक गरिमा को विशेष बताते हुए कहा कि यह स्थल आस्था और सनातन परंपरा का प्रमुख केंद्र है।
राज्यपाल ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सरकार, प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग द्वारा बेहतर इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने यात्रा मार्ग से लेकर धाम तक की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बताते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की प्रशंसा की।
इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं और तीर्थ पुरोहितों से बातचीत कर यात्रा से जुड़े अनुभव भी साझा किए। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा देश की सांस्कृतिक एकता को मजबूत करती है और यहां आने वाला हर श्रद्धालु नई ऊर्जा के साथ लौटता है।