देहरादून। राजधानी देहरादून में सोशल मीडिया पर पिस्टल जैसी वस्तु कमर में लगाकर बाइक चलाने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को हिरासत में ले लिया। जांच में सामने आया कि युवक की कमर में असली हथियार नहीं, बल्कि पिस्टल के आकार का गैस लाइटर था, जिसे उसने ऑनलाइन मंगाया था। पुलिस ने बाइक सीज कर लाइटर बरामद कर लिया और युवक को भविष्य में ऐसी हरकत न करने की सख्त चेतावनी दी।
वायरल वीडियो पर पुलिस ने लिया संज्ञान
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एक युवक राजपुर रोड पर मोटरसाइकिल चलाते समय अपनी कमर में पिस्टल जैसी वस्तु लगाए हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो के वायरल होने के बाद आम लोगों में भय का माहौल बनने लगा। मामले का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून ने तत्काल राजपुर थाना पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए।
18 वर्षीय युवक हिरासत में
पुलिस ने वीडियो के आधार पर मोटरसाइकिल संख्या UK08AB-2380 का पता लगाकर चालक को हिरासत में लिया। पूछताछ में युवक की पहचान गौरव कुमार (18 वर्ष), निवासी हिम्मतनगर, सहारनपुर के रूप में हुई।
ऑनलाइन मंगाया था पिस्टलनुमा गैस लाइटर
जांच के दौरान युवक ने बताया कि उसने शौकिया तौर पर वीडियो बनाने के लिए एक शॉपिंग ऐप से पिस्टल के आकार का गैस लाइटर खरीदा था। उसका उद्देश्य सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाना था।
बाइक सीज, लाइटर बरामद
पुलिस ने युवक को भविष्य में इस तरह की हरकत न करने की सख्त हिदायत दी। साथ ही उसकी मोटरसाइकिल को सीज कर पिस्टलनुमा गैस लाइटर बरामद कर लिया। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए ऐसे कृत्य न करें, जिनसे आमजन में भय या भ्रम की स्थिति पैदा हो।