अपनी दमदार आवाज और सुपरहिट गानों से करोड़ों दिलों पर राज करने वाले मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा इन दिनों अपने नए रिलीज हुए ट्रैक ‘फाइन शिट’ को लेकर चर्चा में हैं। गाने के बोल और प्रेजेंटेशन को लेकर सोशल मीडिया पर फैंस और यूजर्स उन्हें जमकर ट्रोल कर रहे हैं। हालांकि, लगातार हो रही आलोचनाओं के बीच अब सिंगर ने चुप्पी तोड़ते हुए ट्रोलर्स को करारा जवाब दिया है और सभी से शांत रहने की अपील की है।
गुरु रंधावा ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि वह ऐसे गाने बनाने के लिए जाने जाते हैं जो लोगों के दिमाग में बस जाते हैं। गाने पर बन रहे मीम्स और एडिट्स पर खुशी जताते हुए उन्होंने साफ किया कि यह महज एक ‘छोटा सा स्लैंग’ है और उन्हें इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता।
विवादों के बीच गुरु रंधावा रविवार को अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल (हरिमंदिर साहिब) पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेका और आशीर्वाद लिया। उन्होंने मंदिर परिसर से अपनी तस्वीर साझा करते हुए वाहेगुरु पर अपनी आस्था व्यक्त की और लिखा कि जिस पर वाहेगुरु का हाथ होता है, उसे कोई तूफान डिगा नहीं सकता। आपको बता दें कि ‘नाच मेरी रानी’ और ‘स्लोली स्लोली’ जैसे कई सुपरहिट बॉलीवुड और इंडी-पॉप ट्रैक दे चुके गुरु रंधावा देश के सबसे लोकप्रिय म्यूजिशियन में से एक हैं।