देहरादून। राजधानी देहरादून में सोमवार सुबह हरिद्वार रोड पर एक सड़क हादसे में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। मॉर्निंग वॉक के दौरान सामने से आ रही बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल अधिकारी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
घायल अधिकारी की पहचान राजेंद्र प्रसाद बहुगुणा (56) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह पैदल मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। इसी दौरान हरिद्वार रोड पर दूसरी दिशा से आ रही बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से अधिकारी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत फिलहाल गंभीर बनी हुई है।