नैनीताल: जून के इस वीकेंड पर सरोवर नगरी नैनीताल सैलानियों की भारी आमद से पूरी तरह गुलजार नजर आई। पिछले तीन दिनों के भीतर 25 हजार से ज्यादा पर्यटकों ने नैनीताल पहुंचकर यहाँ के खूबसूरत मौसम और वादियों का लुत्फ उठाया। हालांकि, शुक्रवार और शनिवार को भारी भीड़ के चलते पर्यटकों को ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ा, लेकिन रविवार को प्रशासन की मुस्तैदी के बाद यातायात व्यवस्था काफी हद तक दुरुस्त दिखाई दी।
नैनीताल में पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला शुक्रवार से ही रफ्तार पकड़ चुका था। वीकेंड की शुरुआत (शुक्रवार और शनिवार) में ही करीब 20 हजार से अधिक सैलानी यहाँ पहुंचे, जबकि रविवार को भी 5 हजार नए पर्यटकों ने नगर में दस्तक दी। इस भारी भीड़ की वजह से मालरोड पर दिनभर रौनक बनी रही और नैनी झील में नौका विहार (बोटिंग) करने वालों का तांता लगा रहा। नगर के प्रमुख पर्यटन स्थलों जैसे स्नो व्यू, हिमालय दर्शन, वॉटरफॉल, केव गार्डन और चिड़ियाघर (जू) में पैर रखने तक की जगह नहीं थी।
नैनीताल के साथ-साथ इसके समीपवर्ती इलाके भी पर्यटकों से पूरी तरह पैक रहे। बाबा नीम करोली के पावन धाम ‘कैंची धाम’ में दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। इसके अलावा भीमताल, सातताल, नौकुचियाताल, भवाली और मुक्तेश्वर जैसे खूबसूरत हिल स्टेशन्स भी सैलानियों की आमद से गुलजार रहे, जिससे स्थानीय व्यापारियों और होटल कारोबारियों के चेहरे खिल उठे हैं।