अंबाला। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वन विभाग से जुड़े दो लोगों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अंबाला सिटी स्थित वन्य जीव कार्यालय में की गई, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, एसीबी को सपेहड़ा गांव निवासी शिकायतकर्ता द्वारा रिश्वत मांगे जाने की शिकायत दी गई थी। शिकायत के आधार पर टीम ने सुनियोजित तरीके से ट्रैप बिछाया और आरोपियों को पकड़ने की रणनीति तैयार की।
निर्धारित योजना के तहत शिकायतकर्ता गुरुवार दोपहर वन विभाग कार्यालय पहुंचा, जहां पहले पशु प्रेमी भरत ने 30 हजार रुपये की रिश्वत राशि ली। इसके बाद उसने यह रकम वन्य जीव इंस्पेक्टर राकेश को सौंप दी। जैसे ही लेन-देन पूरा हुआ, पहले से घात लगाए बैठी एसीबी टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को मौके पर ही दबोच लिया।
करीब एक घंटे तक चली इस कार्रवाई के दौरान टीम ने आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए। एसीबी अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
एसीबी ने स्पष्ट किया है कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
