Haridwar News: हरिद्वार में चल रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान हरकी पैड़ी क्षेत्र में एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने सभी को हैरान कर दिया। नगर निगम की टीम जब अवैध ठेलियों को हटाने पहुंची, तो दो युवक अपनी ठेली बचाने के प्रयास में घबराकर सीधे गंगा के बहाव में उतर गए।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, निगम टीम की कार्रवाई देखते ही दोनों युवक ठेली को धक्का देते हुए गंगा में कूद पड़े और पानी का बहाव कम होने के कारण किसी तरह दूसरी ओर निकल गए। गनीमत रही कि उस समय गंगा का जल स्तर और प्रवाह कम था, जिससे कोई दुर्घटना नहीं हुई। यह घटना मोबाइल कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
डीएम हरिद्वार के निर्देश पर नगर आयुक्त नंदन कुमार के नेतृत्व में बीते छह दिनों से शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में हरकी पैड़ी, सीसीआर टावर और रोड़ीबेलवाला क्षेत्र में 30 से अधिक ठेलियों और अस्थायी संरचनाओं को हटाया गया। सार्वजनिक मार्गों और नालियों पर बने अतिक्रमणों को भी तत्काल प्रभाव से ध्वस्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में नगर निगम ने सख्ती बरकरार रखते हुए अभियान जारी रखा।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं भी बंटी हुई हैं—कुछ इसे मजबूरी और आजीविका से जोड़कर संवेदनशीलता दिखा रहे हैं, वहीं अन्य इसे कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बता रहे हैं।
मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार ने साफ कहा कि शहर में जहां भी अतिक्रमण पाया जाएगा, उसे बिना देरी हटाया जाएगा और यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
