देहरादून। उत्तराखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने राज्य के करीब 79.76 लाख मतदाताओं के लिए गणना प्रपत्र मुद्रित कर सभी जिलों में भेज दिए हैं। आगामी 8 जून से बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर इन प्रपत्रों का वितरण शुरू करेंगे।
निर्वाचन विभाग के अनुसार यह अभियान 8 जून से 7 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान बीएलओ मतदाताओं तक प्रपत्र पहुंचाने के साथ ही भरे हुए फॉर्म वापस एकत्रित करेंगे। इसके बाद मतदान केंद्रों के पुनर्गठन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और 14 जुलाई को प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त तक दावे और आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी। वहीं जिन प्रपत्रों में दी गई जानकारी पर निर्वाचन अधिकारियों को संदेह होगा, उन्हें सत्यापन के लिए नोटिस जारी किए जाएंगे। सभी प्रक्रियाओं के बाद 15 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी की जाएगी।
गणना प्रपत्र में मतदाता का नाम, पता, ईपीआईसी नंबर, मतदान केंद्र की जानकारी और क्यूआर कोड पहले से अंकित रहेगा। मतदाताओं को अपने परिवार और पूर्व मतदाता सूची से संबंधित आवश्यक जानकारियां भरनी होंगी। इसके अलावा जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, माता-पिता या पति-पत्नी के विवरण तथा वैकल्पिक रूप से आधार नंबर भी दर्ज किया जा सकेगा।
निर्वाचन विभाग ने बताया कि यह फॉर्म ऑनलाइन भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे मतदाता इसे डाउनलोड कर भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकेंगे।