नई दिल्ली- देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 को लेकर उठे विवाद के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए परीक्षा रद्द कर दी है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने बताया कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी और पेपर लीक की आशंकाओं के बाद यह कदम उठाया गया है। अब परीक्षा की नई तारीखों का ऐलान जल्द किया जाएगा।
3 मई को आयोजित हुई इस परीक्षा के बाद कई राज्यों में कथित पेपर लीक को लेकर सवाल उठने लगे थे। जांच एजेंसियों से मिले इनपुट के आधार पर सरकार ने माना कि मौजूदा परीक्षा प्रक्रिया की निष्पक्षता पर संदेह पैदा हो गया है। इसी के चलते परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया।
मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी गई है। शुरुआती जांच में कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है। बताया जा रहा है कि कुछ छात्रों के पास ऐसा गेस पेपर मिला था, जिसके कई सवाल वास्तविक परीक्षा से मेल खाते थे। जांच एजेंसियां इसी एंगल से पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
NTA ने दावा किया कि परीक्षा के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रश्नपत्रों की ढुलाई GPS ट्रैकिंग वाले वाहनों से की गई थी और परीक्षा केंद्रों पर AI आधारित CCTV निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और 5G जैमर जैसी व्यवस्थाएं भी लागू थीं। इसके बावजूद पेपर लीक की आशंका सामने आने से एजेंसी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
इस साल NEET UG परीक्षा में देश और विदेश के विभिन्न केंद्रों पर करीब 23 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था। परीक्षा रद्द होने के बाद अभ्यर्थियों और अभिभावकों के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। अब सभी की नजर नई परीक्षा तिथि और आगे की प्रक्रिया पर टिकी है।