अगस्त से शुरू होगा दूसरा चरण
देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने भाजपा सरकार को विभिन्न जनहित और भर्ती से जुड़े मुद्दों पर घेरने की रणनीति तेज कर दी है। पार्टी आगामी परिवर्तन संकल्प यात्रा के दूसरे चरण में पेपर लीक, युवाओं को रोजगार और मंदिरों में चढ़ावे में कथित अनियमितताओं जैसे मुद्दों को प्रमुखता से जनता के बीच उठाएगी। इसके लिए नई दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व के साथ हुई बैठक में आगामी कार्यक्रमों और चुनावी अभियान की रूपरेखा तय की गई।
नई दिल्ली में उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की। बैठक में निर्णय लिया गया कि परिवर्तन संकल्प यात्रा के दूसरे चरण की शुरुआत 2 अगस्त से होगी, जिसमें सबसे पहले देहरादून जिले की विभिन्न विधानसभा सीटों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद यात्रा हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर जिले तक पहुंचेगी।
कांग्रेस का कहना है कि इस अभियान के दौरान भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक, युवाओं के रोजगार, छात्रों से जुड़े मुद्दों और मंदिरों में चढ़ावे से जुड़े कथित मामलों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। पार्टी इन मुद्दों के माध्यम से भाजपा सरकार की कार्यशैली को जनता के सामने रखने का प्रयास करेगी।
बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे पर भी चर्चा हुई। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 8 अगस्त को हल्द्वानी में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जा सकता है। इसके अलावा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और सांसद प्रियंका गांधी की उत्तराखंड में चुनावी रैलियों की भी तैयारी की जा रही है। पार्टी नेतृत्व की उपलब्धता के बाद इन कार्यक्रमों की अंतिम तिथियां तय की जाएंगी। कांग्रेस इस बार दोनों नेताओं की सभाएं पर्वतीय क्षेत्रों में कराने की योजना पर भी काम कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर लगातार मैदान में रहेगी और परिवर्तन संकल्प यात्रा के माध्यम से राज्यभर में लोगों तक अपनी बात पहुंचाएगी। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में कांग्रेस जनसमर्थन हासिल करने के लिए पूरी ताकत के साथ अभियान चलाएगी।