गाजियाबाद: लोनी क्षेत्र में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति के बैंक खाते से बिना किसी ओटीपी या लिंक के करीब तीन लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित को इस धोखाधड़ी की जानकारी तब हुई, जब वह बैंक में पासबुक अपडेट कराने पहुंचा। मामले की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विकास कुंज कॉलोनी निवासी दीरेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उनके खाते से 2 लाख 99 हजार 995 रुपये निकाल लिए गए। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान न तो उनके मोबाइल पर कोई ओटीपी आया और न ही उन्होंने किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया था। खाते से रकम निकलने की उन्हें कोई सूचना भी नहीं मिली।
पीड़ित के अनुसार, जब वह दो दिन पहले बैंक गया और पासबुक अपडेट करवाई, तब यहाँ पता चला की पैसे निकले गए है जिसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी। एसीपी ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
