Delhi Fire Accident: दिल्ली के आदर्श नगर इलाके में स्थित दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) के आवासीय क्वार्टर में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे में 42 वर्षीय अजय विमल, उनकी पत्नी नीलम और 10 साल की मासूम बेटी जाह्नवी की जलकर जान चली गई।
दमकल विभाग के अनुसार, मंगलवार तड़के करीब 2 बजकर 39 मिनट पर पांचवीं मंजिल पर बने एक फ्लैट में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
आग बुझाने के बाद जब फ्लैट की तलाशी ली गई तो अंदर से तीन जले हुए शव बरामद हुए। शुरुआती जांच में आग घरेलू सामान में लगने की बात सामने आई है। इस दौरान आग बुझाते समय दमकल कर्मी राकेश भी घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।
