ऋषिकेश- ऋषिकेश में पुलिस ने एक ऐसे संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है, जो गंभीर आपराधिक मामलों में फंसाने की धमकी देकर व्यापारियों से मोटी रकम वसूलता था। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के मास्टरमाइंड समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नकदी, मोबाइल फोन और अहम डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
गंगानगर निवासी कारोबारी अतुल गुप्ता की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि कुछ लोग उन्हें और उनके परिवार को हत्या के प्रयास और लूट जैसे मामलों में झूठा फंसाने की धमकी देकर लगातार दबाव बना रहे थे। गिरोह का सरगना अनुज गोयल खुद को पुलिस से जुड़ा हुआ बताकर मामले को रफा-दफा करने के नाम पर 20 से 25 लाख रुपये की मांग कर रहा था।
पीड़ित कारोबारी ने डर के कारण शुरुआत में दो लाख रुपये आरोपियों को दे दिए, लेकिन इसके बाद भी उनसे लगातार बाकी रकम की मांग की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया।
पुलिस ने तकनीकी जांच के तहत मोबाइल सर्विलांस, व्हाट्सएप चैट और कॉल डिटेल्स खंगालीं। जांच के दौरान शुभम चौहान के घर से 1 लाख 83 हजार 500 रुपये नकद बरामद किए गए, जो पीड़ित से वसूली गई रकम का हिस्सा बताए जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अनुज गोयल को लच्छीवाला क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।