ऋषिकेश – ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला क्षेत्र में एक होटल में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि होटल की ऊपरी मंजिल पर मरम्मत कार्य के दौरान वेल्डिंग की जा रही थी, तभी निकली चिंगारी छत पर बनी घास-फूस की संरचना में जा लगी और आग भड़क उठी।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और होटल में मौजूद अग्निशमन उपकरणों की मदद से आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यदि समय पर आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता तो यह बड़ा हादसा बन सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।