ग्रेटर नोएडा – सेक्टर-142 थाना पुलिस ने मोबाइल फोन, लैपटॉप और टैबलेट चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में चोरी का इलेक्ट्रॉनिक सामान और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद की है।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह के मुताबिक पुलिस टीम एफएनजी रोड के सर्विस रोड पर नियमित जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध गतिविधियों में शामिल दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। तलाशी लेने पर उनके पास से चोरी के 18 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, एक टैबलेट और एक इलेक्ट्रिक स्कूटी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र निवासी नगली वाजिदपुर और जुनैद उर्फ बिट्टू निवासी सहरसा, बिहार के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने खुलासा किया कि वे भीड़भाड़ वाले साप्ताहिक बाजारों और घनी आबादी वाले इलाकों में घूमकर पहले रेकी करते थे। मौका मिलते ही खुले स्थानों या खिड़कियों के पास रखे मोबाइल, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।
पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए सामान को कम कीमत पर राह चलते लोगों को बेच देते थे और उससे मिलने वाले पैसों को मौज-मस्ती में खर्च करते थे। जांच में यह भी सामने आया कि बरामद इलेक्ट्रिक स्कूटी भी चोरी की थी, जिसे जनवरी 2026 में सेक्टर-142 क्षेत्र से चुराया गया था।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। महेंद्र पर पहले भी कई मामले दर्ज हैं, जबकि जुनैद उर्फ बिट्टू के खिलाफ चोरी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं।
फिलहाल पुलिस बरामद इलेक्ट्रॉनिक सामान के असली मालिकों की पहचान करने में जुटी है। साथ ही तकनीकी और फॉरेंसिक जांच के जरिए यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी अब तक कितनी वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।