हरिद्वार (ज्वालापुर) – ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र स्थित सैनी आश्रम को लेकर सैनी समाज के दो गुटों के बीच लंबे समय से चला आ रहा विवाद रविवार को एक बार फिर तूल पकड़ गया। आश्रम परिसर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिसके बाद विवाद ने हंगामे का रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी शुरू हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले
स्थिति को बिगड़ते देख कोतवाली ज्वालापुर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया। पुलिस अधिकारियों ने संयम से काम लेते हुए प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाया-बुझाया और भीड़ को तितर-बितर किया।
पुलिस ने चेतावनी दी है कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आश्रम परिसर में स्थिति नियंत्रण में है और सभा को शांतिपूर्वक आगे बढ़ाया जा रहा है।
भारी पुलिस बल तैनात, प्रशासन सतर्क
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। एसपी सिटी पंकज गैरोला ने बताया कि पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को सख्ती से रोका जाएगा।
प्रशासन की ओर से दोनों पक्षों से संयम बरतने की अपील की गई है ताकि सैनी समाज में चल रही आंतरिक खींचतान आगे और न बढ़े।
