Himachal Snowfall: हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश और बर्फबारी के बाद जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। प्रदेश के कई इलाकों में सैकड़ों सड़कें बंद हो चुकी हैं, जिससे आवाजाही में भारी दिक्कतें आ रही हैं। वहीं बर्फबारी का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक शिमला, मनाली और अन्य पर्यटन स्थलों की ओर पहुंच रहे हैं, जिससे हालात और चुनौतीपूर्ण हो गए हैं।
शिमला और मनाली में शनिवार सुबह से ही ट्रैफिक जाम की गंभीर स्थिति बनी हुई है। बर्फ जमने से सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है, जिस कारण वाहन बेहद धीमी गति से चल रहे हैं। इसका सबसे ज्यादा असर उन सैलानियों पर पड़ा है, जो इन पर्यटन स्थलों की ओर जा रहे हैं या वहां से लौट रहे हैं।
शिमला के सर्कुलर रोड पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। हालात ऐसे रहे कि कई स्थानीय लोग और पर्यटक गाड़ियों से उतरकर पैदल ही अपने गंतव्य की ओर बढ़ते नजर आए। मालरोड की तरफ जाते सैलानियों की भीड़ साफ दिखाई दी।
मनाली में भी हालात कुछ ऐसे ही बने हुए हैं। बर्फबारी के बाद मनाली हाईवे कई जगहों पर खतरनाक स्लिप जोन में तब्दील हो गया है। पतलीकूहल से आगे लंबा जाम लगा हुआ है, जहां कई पर्यटक घंटों तक फंसे रहे। हालांकि ट्रैफिक को संभालने के लिए पुलिस मौके पर तैनात है और हालात सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। सोशल मीडिया पर मनाली के ट्रैफिक जाम के कई वीडियो भी सामने आए हैं।
इस बीच कुल्लू जिले के उपायुक्त तोरूल एस रवीश ने बताया कि बर्फबारी के कारण बंद हुई सड़कों को खोलने का काम तेजी से किया जा रहा है। जलोड़ी दर्रा के रघुपुर फोर्ट इलाके में फंसे पर्यटकों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। प्रशासन की प्राथमिकता मुख्य मार्गों को जल्द बहाल करना है, ताकि पर्यटक सुरक्षित रूप से घाटी से बाहर निकल सकें और स्थानीय लोगों को भी परेशानी न हो।
