हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा 2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से हरिद्वार पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए विशेष एडवाइजरी जारी की है। पुलिस प्रशासन ने सभी कांवड़ियों से यात्रा के दौरान निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
जारी एडवाइजरी के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान जुगाड़ वाहनों का संचालन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा रेट्रो साइलेंसर, त्रिशूल, तलवार, नुकीले हथियार तथा अन्य घातक वस्तुओं को यात्रा मार्ग पर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। पुलिस का कहना है कि इन प्रतिबंधों का उद्देश्य श्रद्धालुओं और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
पुलिस ने पैदल कांवड़ की अधिकतम ऊंचाई छह फीट तथा कांवड़ झांकियों की ऊंचाई दस फीट निर्धारित की है। यह व्यवस्था बिजली की लाइनों से संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए लागू की गई है। इसके साथ ही सभी श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान वैध पहचान पत्र अपने साथ रखने की सलाह दी गई है।
हरिद्वार पुलिस ने कांवड़ियों से शराब और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहने, रेलवे एवं यातायात संबंधी सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा किसी भी प्रकार के विवाद या कानून व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न करने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। ऐसे में सभी श्रद्धालु पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें तथा निर्धारित नियमों का पालन कर यात्रा को सुरक्षित, अनुशासित और सफल बनाने में अपनी भूमिका निभाएं।