हल्द्वानी – हल्द्वानी में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। सड़क किनारे खड़े एक राजमिस्त्री को अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक कार समेत फरार हो गया। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर वाहन की पहचान कर ली है और आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से बहेड़ी के पचपेड़ा बनहैनी निवासी 50 वर्षीय नानक चंद्र हल्द्वानी के बजुनिया हल्दू कठघरिया क्षेत्र में अपने दो बेटों के साथ किराये पर रहते थे। शनिवार शाम वह काम खत्म करने के बाद लामाचौड़ से फतेहपुर पहुंचे थे। देर रात घर लौटने के लिए सड़क किनारे टेंपो का इंतजार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल नानक चंद्र को सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, नानक चंद्र पिछले 20 वर्षों से हल्द्वानी में रहकर मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे थे।