भोपाल: मध्य प्रदेश के गुना जिले में पुलिस ने चोरी की एक बड़ी वारदात का पर्दाफाश करते हुए करीब 1.48 करोड़ रुपये मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं। शातिर पारदी गिरोह के बदमाशों ने चोरी का यह माल पार्वती नदी के किनारे स्थित मक्के के खेत में बिजली के खंभे के पास जमीन के अंदर गाड़कर छिपा रखा था। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि गिरोह के 10 अन्य फरार सदस्यों की तलाश में राजस्थान से लेकर मध्य प्रदेश के कई जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी की जा रही है।
यह सनसनीखेज वारदात फतेहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम चक चुरेला में पंचायत सचिव बाबूलाल मीना के घर हुई थी। अगस्त के पहले सप्ताह में देर रात घुसे बदमाशों ने घर में रखी पूरी तिजोरी ही पार कर दी थी, जिसमें डेढ़ किलो से अधिक सोना, 3 किलो चांदी, 11.50 लाख रुपये नकद और बाइक शामिल थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पारदी गिरोह के 12 संदिग्धों को चिह्नित किया। पुलिस के बढ़ते दबाव और आरोपियों के अवैध निर्माणों पर प्रशासनिक कार्रवाई के बाद गिरफ्तार राजू पारदी और गजानंद पारदी ने छिपाए गए माल का राज उगल दिया।
पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के अनुसार, आरोपियों की निशानदेही पर खेत से 985 ग्राम सोने के जेवर बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार गजानंद पारदी राजस्थान के बारां में हुई इसी तरह की बड़ी चोरी का भी मास्टरमाइंड निकला है। पुलिस अब गिरोह के अन्य फरार सदस्यों को दबोचने के साथ ही चांदी के जेवर, नकदी और चोरी की बाइक बरामद करने के लिए गहन पूछताछ कर रही है।