रोम- जॉर्जिया मेलोनी ने नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए खास उपहार के लिए सोशल मीडिया पर आभार व्यक्त किया। उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में बताया कि प्रधानमंत्री मोदी उनके लिए भारत की लोकप्रिय टॉफी ‘मेलोडी’ लेकर आए थे। मेलोनी ने इसे एक “बहुत ही खास और प्यारा तोहफा” बताया।
रोम दौरे के दौरान दोनों नेताओं के बीच गर्मजोशी देखने को मिली। मेलोनी ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत करते हुए उन्हें अपना मित्र बताया। इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं ने डिनर पर वैश्विक और द्विपक्षीय मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इसके बाद उन्होंने कोलोसियम का भी दौरा किया, जो रोम का एक ऐतिहासिक और प्रतिष्ठित स्थल है।
भारत और इटली ने अपने रिश्तों को नई ऊंचाई देने के लिए एक व्यापक और महत्वाकांक्षी रोडमैप पेश किया है। दोनों नेताओं ने एक संयुक्त लेख के माध्यम से द्विपक्षीय संबंधों को “स्पेशल स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप” का दर्जा दिया। उन्होंने इसे उभरते “इंडो-मेडिटेरेनियन” क्षेत्र में सहयोग का मजबूत आधार बताया।
इस रणनीतिक साझेदारी के तहत दोनों देशों ने व्यापार, ऊर्जा, तकनीक और कनेक्टिविटी के क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया है। तेजी से बदलती वैश्विक परिस्थितियों के बीच राजनीतिक तालमेल, आर्थिक सहयोग और तकनीकी साझेदारी को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी सहमति बनी।
लेख में यह भी कहा गया कि इटली की औद्योगिक विशेषज्ञता और भारत की मजबूत अर्थव्यवस्था व नवाचार क्षमता मिलकर नए अवसर पैदा कर सकती हैं। दोनों देशों ने 2029 तक द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब यूरो से अधिक तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए रक्षा, एयरोस्पेस, स्वच्छ ऊर्जा, फार्मा, मशीनरी, टेक्सटाइल और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा।