साउथ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता मोहनलाल की चर्चित सस्पेंस-थ्रिलर फिल्म ‘दृश्यम 3’ अब जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार है। सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन के बाद फिल्म अब डिजिटल रिलीज के जरिए दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचेगी।
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म प्राइम वीडियो ने सोशल मीडिया के माध्यम से फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा कर दी है। प्लेटफॉर्म द्वारा साझा किए गए पोस्ट में जॉर्जकुट्टी और उनके परिवार की झलक दिखाते हुए बताया गया कि ‘दृश्यम 3’ का प्रीमियर 18 जून से प्राइम वीडियो पर किया जाएगा।
फिल्म को भारत सहित 200 से अधिक देशों में स्ट्रीम किया जाएगा। दर्शक इसे मलयालम के अलावा तेलुगु, तमिल और कन्नड़ भाषाओं में भी देख सकेंगे, जिससे दक्षिण भारतीय सिनेमा के प्रशंसकों को अपनी पसंदीदा भाषा में फिल्म का आनंद लेने का मौका मिलेगा।
बॉक्स ऑफिस पर भी ‘दृश्यम 3’ ने शानदार प्रदर्शन किया है। रिलीज के तीन सप्ताह बाद भी फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है, जबकि वैश्विक स्तर पर भी इसका कारोबार 200 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है।