कोलकाता- पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन को लेकर बड़ी राजनीतिक हलचल देखने को मिल रही है। भाजपा ने राज्य में नई सरकार के गठन की तैयारी तेज कर दी है। प्रदेश अध्यक्ष सामिक भट्टाचार्य ने घोषणा की है कि 9 मई को कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा, जिसमें पार्टी के शीर्ष नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि इस समारोह में प्रधानमंत्री, एनडीए के कई मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी मौजूद रहेंगे। साथ ही करीब दो दर्जन मंत्री भी शपथ ले सकते हैं।
हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव के नतीजों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बहुमत हासिल किया है। जहां पहले दल तृणमूल कांग्रेस का दबदबा था, वहीं इस बार पार्टी को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। पिछले चुनाव में 200 से ज्यादा सीटें जीतने वाली टीएमसी इस बार काफी पीछे रह गई, जबकि भाजपा ने बड़ी बढ़त बनाते हुए सरकार बनाने का रास्ता साफ कर लिया।
राजनीतिक तौर पर खास बात यह भी है कि शपथ ग्रहण का दिन रवींद्रनाथ टैगौर की जयंती के आसपास रखा गया है, जिसे बंगाल की सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर देखा जा रहा है।
वहीं मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक अमित शाह को विधायक दल की बैठक के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक बनाया गया है। माना जा रहा है कि चुनाव में अहम भूमिका निभाने वाले शुभेंदु को मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। जल्द ही विधायक दल की बैठक में इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।