Dehradun News: देहरादून में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की हत्या के बाद पुलिस विभाग में बड़ा भूचाल आ गया है। लगातार बढ़ रहे अपराध व लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए बुधवार देर रात बड़े पैमाने पर तबादले कर दिए। एक ही रात में 30 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के ट्रांसफर कर दिए गए, जिसे अब तक का सबसे बड़ा त्वरित एक्शन माना जा रहा है।
मर्डर केस ने हिलाया सिस्टम
30 मार्च को मसूरी रोड स्थित मालसी इलाके में तड़के मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश कुमार जोशी की रोड रेज फायरिंग में मौत हो गई थी। इसके बाद शहर में आक्रोश फैल गया और पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। इसी दबाव में SSP ने तेज़ी से एक्शन लेते हुए अपराध नियंत्रण के लिए नए आदेश जारी किए।
ऑपरेशन प्रहार के बीच बड़े पैमाने पर तबादले
अपराधियों पर नकेल कसने के लिए ‘ऑपरेशन प्रहार’ पहले ही लॉन्च किया जा चुका है। इसी क्रम में बुधवार रात जारी आदेश में दून के विभिन्न थानों, चौकियों और स्पेशल यूनिट्स में तैनात उप निरीक्षकों और थानाध्यक्षों को नए महत्वपूर्ण दायित्व दिए गए।
कौन कहां भेजा गया?
अर्जुन गुसाईं को आईटी पार्क चौकी से बाजार विकासनगर भेजा गया।
कुंदन राम अब प्रभारी मानवाधिकार प्रकोष्ठ होंगे।
संजीत कुमार को नेहरू कॉलोनी से रायपुर थानाध्यक्ष बनाया गया।
मनोज नौटियाल अब नेहरू कॉलोनी के नए थानाध्यक्ष होंगे।
प्रवीन सैनी कुठालगेट चौकी के नए प्रभारी बनाए गए।
पंकज कुमार को धर्मावाला चौकी का चार्ज मिला है।
जगदंबा प्रसाद को नगर कोतवाली से रायवाला भेजा गया।
नीमा को एसआईएस शाखा में नई तैनाती मिली।

इस व्यापक फेरबदल को देहरादून पुलिस प्रशासन की त्वरित और जवाबदेह कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों की नई तैनाती से व्यवस्था में दक्षता बढ़ने और कानून-व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने की अपेक्षा है। अब यह आने वाले दिनों में ही स्पष्ट होगा कि ये बदलाव जमीनी स्तर पर कितनी तेजी से सकारात्मक परिणाम देते हैं।
