देहरादून- उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने राजस्थान में लूट और अपहरण के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 20 हजार रुपये के इनामी अपराधी को देहरादून से गिरफ्तार किया है। आरोपी पिछले कई वर्षों से पहचान छिपाकर शहर में रह रहा था और निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड का काम कर रहा था।
एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि बाहरी राज्यों के फरार अपराधियों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में दर्ज गंभीर आपराधिक मामले में वांछित देवेश मोर्या देहरादून में रह रहा है।
सूचना की पुष्टि होने के बाद एसटीएफ ने कैंट क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2014 से फरार चल रहा था और उस पर राजस्थान पुलिस ने 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर एलआईसी एजेंट बनकर एक व्यक्ति को झांसे में बुलाया था। इसके बाद हथियार के बल पर उसका अपहरण कर लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को राजस्थान पुलिस के हवाले कर दिया गया।