UPSSSC Vacany 2026: उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने सहायक बोरिंग तकनीशियन के 402 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल 2026 से शुरू होगी। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
भर्ती में विभिन्न वर्गों के लिए अलग-अलग पद निर्धारित किए गए हैं, जिनमें सामान्य वर्ग के लिए 163, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 40, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 107, अनुसूचित जाति के लिए 82 और अनुसूचित जनजाति के लिए 10 पद शामिल हैं।
शैक्षणिक योग्यता के तौर पर उम्मीदवार का हाई स्कूल (10वीं) या समकक्ष परीक्षा पास होना अनिवार्य है। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के पास संबंधित ट्रेड में आईटीआई या राष्ट्रीय शिक्षुता प्रमाण पत्र (NAC) होना चाहिए। मान्यता प्राप्त संस्थान से मशीनिस्ट, फिटर, वायरमैन, टर्नर या नलकूप मैकेनिक से संबंधित प्रशिक्षण भी स्वीकार्य होगा।
आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। आरक्षित वर्गों को राज्य सरकार के नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
चयन प्रक्रिया में PET-2025 के अंकों को आधार बनाया जाएगा। जिन अभ्यर्थियों के अंक शून्य या नकारात्मक होंगे, उन्हें आगे की प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा। इसके बाद योग्य उम्मीदवारों को मुख्य परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा, जिसकी तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
चयनित उम्मीदवारों को सातवें वेतन आयोग के तहत वेतन स्तर-2 के अनुसार 19,900 रुपये से 63,200 रुपये तक का वेतन मिलेगा। साथ ही अन्य भत्ते भी नियमानुसार दिए जाएंगे। आवेदन शुल्क सभी वर्गों के लिए 25 रुपये निर्धारित किया गया है।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि आवेदन करते समय सभी जानकारी ध्यानपूर्वक भरें और अंतिम रूप से सबमिट करने से पहले फॉर्म की जांच अवश्य कर लें।
