आगामी सैफ महिला चैंपियनशिप के लिए ग्रुप ड्रॉ की घोषणा कर दी गई है। टूर्नामेंट 25 मई से 6 जून तक मडगांव में आयोजित होगा। ड्रॉ के अनुसार भारतीय महिला फुटबॉल टीम को ग्रुप बी में बांग्लादेश और मालदीव के साथ रखा गया है।
वहीं, ग्रुप ए में नेपाल, श्रीलंका और भूटान शामिल हैं। ढाका स्थित सैफ सचिवालय में हुए ड्रॉ के अनुसार, दोनों ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी। इस बार पाकिस्तान ने टूर्नामेंट में भाग नहीं लेने का फैसला किया है।
भारत दूसरी बार इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहा है। इससे पहले 2016 में सिलीगुड़ी में प्रतियोगिता आयोजित हुई थी, जहां भारत ने खिताब अपने नाम किया था।
गौरतलब है कि भारत इस टूर्नामेंट का सबसे सफल टीम है, जिसने 2010, 2012, 2014, 2016 और 2019 में कुल पांच बार खिताब जीता है। हालांकि, हाल के वर्षों में बांग्लादेश ने दमदार प्रदर्शन करते हुए 2022 और 2024 में लगातार दो बार चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है।
