देहरादून – देहरादून में इस समय मौसम ने पूरी तरह करवट ले ली है। ठंडी और सुहानी दून घाटी इन दिनों प्रचंड गर्मी की चपेट में है। लगातार बढ़ते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। रविवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब पांच डिग्री अधिक है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 22.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से तीन डिग्री ज्यादा है।
भीषण गर्मी का असर शहर की दिनचर्या पर साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और बाजारों में भी भीड़ काफी कम रही। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग भी तेज धूप और लू से बचने के लिए पूरी तरह ढककर निकलते नजर आए।
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए लू चलने की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि दिन के समय तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है, जिससे हालात और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक सीएस तोमर के अनुसार, फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है और लोगों को खासकर दोपहर में सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
हालांकि, मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि अगले तीन से चार दिनों में तापमान में तीन से पांच डिग्री तक गिरावट आ सकती है, जिससे कुछ राहत मिलने की संभावना है। तब तक दूनवासियों को इस भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा।