कोटद्वार। पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार में लगातार बारिश के बीच अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से एक 12 वर्षीय बालक बीच धारा में फंस गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रोप रेस्क्यू तकनीक की मदद से बालक को सुरक्षित बाहर निकालकर बड़ा हादसा टाल दिया।
कोटद्वार के गुरुपुर क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से एक 12 वर्षीय बालक बीच धारा में फंस गया। घटना की सूचना कोतवाली कोटद्वार के माध्यम से एसडीआरएफ पोस्ट कोटद्वार को दी गई, जिसके बाद रेस्क्यू टीम तत्काल आवश्यक उपकरणों के साथ मौके के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंची एसडीआरएफ टीम ने देखा कि नदी का बहाव तेज होने के कारण बालक चारों ओर से पानी से घिर चुका था और उसका सुरक्षित बाहर निकल पाना संभव नहीं था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए टीम ने रोप रेस्क्यू तकनीक का इस्तेमाल करते हुए सावधानीपूर्वक बालक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू किए गए बालक की पहचान प्रिंस (12 वर्ष), निवासी धुर्वेपुर, कोटद्वार के रूप में हुई। प्राथमिक जांच में उसकी हालत सामान्य पाई गई, जिसके बाद उसे सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
एसडीआरएफ की त्वरित और सतर्क कार्रवाई से संभावित बड़ा हादसा टल गया। प्रशासन ने लगातार हो रही बारिश को देखते हुए लोगों से अपील की है कि वे नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें तथा बच्चों को ऐसे स्थानों के आसपास अकेले न जाने दें।