हल्द्वानी। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशों के तहत हल्द्वानी स्थित निर्मल दर्शन नशा मुक्ति केंद्र, गोलापार का संयुक्त निरीक्षण किया गया। जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल प्रशांत जोशी के आदेश पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पारुल थपलियाल ने सिटी मजिस्ट्रेट और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दवाइयों के रखरखाव में अनियमितता, निर्धारित मानकों के उल्लंघन, स्वच्छता और वेंटिलेशन की कमी सहित कई खामियां सामने आईं।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने नशा मुक्ति केंद्र की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का बारीकी से परीक्षण किया। जांच में कई कमियां पाए जाने पर केंद्र संचालकों को उन्हें जल्द दूर करने और सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप करने के निर्देश दिए गए।
इस संयुक्त निरीक्षण में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. वाजपेयी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रजत भट्ट, मनोचिकित्सक डॉ. हिमांशु कांडपाल सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नशा मुक्ति केंद्रों में उपचार, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराया जाएगा।