IPL 2026 Virat Kohli Tatoo: आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले विराट कोहली एक बार फिर चर्चा में हैं, लेकिन इस बार वजह उनका प्रदर्शन नहीं बल्कि उनका नया टैटू है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के स्टार बल्लेबाज ने अपनी बॉडी आर्ट कलेक्शन में एक खास डिजाइन शामिल कराया है, जो उनके जीवन के अनुभवों और बदलावों को दर्शाता है।
टैटू स्टूडियो की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, यह नया डिजाइन उनकी बाईं बांह पर पहले से मौजूद टैटू को हटाए बिना उसे और विस्तारित करते हुए तैयार किया गया है। इसका मकसद पुराने डिजाइनों को एक नई कहानी के साथ जोड़ना है, जो कोहली के वर्तमान व्यक्तित्व और सोच को प्रतिबिंबित करता है।
इस टैटू की शुरुआत भगवान शिव से प्रेरित आर्मबैंड को नए अंदाज में डिजाइन करने से हुई, जो आगे चलकर एक जटिल मंडला पैटर्न में बदल जाता है। डॉटवर्क तकनीक से बने इस डिजाइन में पूरी बांह पर एक संतुलित फ्लो दिखाई देता है, जो टैटू स्लीव का आधार बनाता है।
इसके अलावा, टैटू में कमल और पियोनी जैसे फूलों को भी शामिल किया गया है, जो ताकत, विकास और आंतरिक संतुलन के प्रतीक माने जाते हैं। हालांकि, इन प्रतीकों के पीछे छिपे व्यक्तिगत अर्थ को पूरी तरह सार्वजनिक नहीं किया गया है, जिससे इसमें एक खास रहस्य भी बना हुआ है।
स्टूडियो के अनुसार, इस टैटू स्लीव को जानबूझकर अधूरा रखा गया है, ताकि भविष्य में कोहली के जीवन में आने वाले नए अनुभव और उपलब्धियां इसमें जोड़ी जा सकें। यह टैटू उनकी पूरी जीवन यात्रा को दर्शाने वाला एक जीवंत प्रतीक माना जा रहा है।
गौरतलब है कि विराट कोहली आईपीएल की शुरुआत से ही आरसीबी के साथ जुड़े हुए हैं और लगातार शानदार प्रदर्शन करते रहे हैं। पिछले सीजन में टीम को पहला खिताब दिलाने में उनकी अहम भूमिका रही थी। अब आईपीएल 2026 में आरसीबी खिताब बचाने के इरादे से उतरेगी, जिसमें एक बार फिर कोहली से बड़ी उम्मीदें रहेंगी।
