अशोक नगर – सोशल मीडिया के जरिए युवती को प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेलिंग और करोड़ों की ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से महंगी गाड़ियां, जेवर, नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से युवती से दोस्ती की और फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। इस दौरान युवती के निजी फोटो और वीडियो चोरी-छिपे रिकॉर्ड किए गए। बाद में इन्हीं तस्वीरों और वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक ब्लैकमेल किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को पुलिस और क्राइम ब्रांच अधिकारी बताकर युवती को डराते थे। अलग-अलग नंबरों से कॉल कर जेल भेजने और बदनाम करने की धमकी देकर उससे बड़ी रकम वसूली गई। आरोपियों ने डर का माहौल बनाकर पीड़िता से करोड़ों रुपये और सोने के आभूषण हासिल कर लिए।
पुलिस ने बताया कि गिरोह के सदस्य ठगी के पैसों से लग्जरी जिंदगी जी रहे थे। मामले की जांच के दौरान बैंक खातों, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच कर रही है।