हिमाचल प्रदेश:धर्मशाला के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 14 दिसंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाला टी-20 मुकाबला इस बार कई मायनों में खास रहेगा। टीम इंडिया इस मैच में पूरी तरह नई ऊर्जा और युवा जोश के साथ मैदान में उतरने की तैयारी में है। जानकारी के मुताबिक, अनुभवी खिलाड़ी रोहित शर्मा और विराट कोहली टी-20 प्रारूप से संन्यास के बाद इस मैच में हिस्सा नहीं लेंगे।
युवा खिलाड़ियों को मिलेगा मौका
बीसीसीआई की ओर से टीम की आधिकारिक घोषणा अभी बाकी है, लेकिन चयनकर्ताओं के संकेत साफ हैं कि युवा खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा। संभावित टीम में सूर्यकुमार यादव, अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह जैसे नाम शामिल हो सकते हैं। धर्मशाला के दर्शकों के लिए यह मुकाबला उत्साह और उम्मीदों से भरा रहेगा। भले ही रोहित और विराट जैसे दिग्गज मैदान पर नहीं होंगे, लेकिन युवा खिलाड़ियों के दमदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।
जल्द होगी जाने की तैयारियां
एचपीसीए सचिव अवनीश परमार ने बताया कि मैच की तैयारियां जोरों पर हैं और किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सूची घोषित होते ही टीमों के आगमन की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी।
2015 में रोहित शर्मा ने मारे 106 रन
गौरतलब है कि धर्मशाला में रोहित शर्मा ने वर्ष 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 106 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली थी, जो अब भी दर्शकों की यादों में ताजा है। इस बार भले ही वह मैदान पर न हों, लेकिन युवा ब्रिगेड उनके रिकॉर्ड को आगे बढ़ाने की कोशिश में जरूर नजर आएगी।
