टिहरी- उत्तराखंड के टिहरी झील में सी-प्लेन उतारने की लंबे समय से चल रही कोशिश आखिरकार सफल हो गई। मंगलवार शाम करीब 5:30 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाला सी-प्लेन कोटी कॉलोनी क्षेत्र में सुरक्षित रूप से झील में लैंड कराया गया।
यह ट्रायल Sky HAF Private Limited की ओर से किया गया, जिसमें 19-सीटर सी-प्लेन ने दो बार सफल टेकऑफ और लैंडिंग की। इस उपलब्धि के बाद स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और मौके पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।
कई तकनीकी अड़चनों के चलते पहले यह ट्रायल सफल नहीं हो पा रहा था, लेकिन इस बार पर्यटन और पुलिस विभाग की तैयारियों के साथ इसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। अब बुधवार और गुरुवार को भी दोबारा ट्रायल किया जाएगा, ताकि सेवा को नियमित रूप से शुरू करने की दिशा में आगे बढ़ा जा सके।
प्रशासन का कहना है कि सी-प्लेन संचालन के दौरान बोटिंग जैसी गतिविधियों पर असर न पड़े, इसके लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। अधिकारियों को उम्मीद है कि इस सेवा के शुरू होने से टिहरी क्षेत्र में पर्यटन को नया बढ़ावा मिलेगा।
