नई दिल्ली- देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए विधानसभा चुनावों के नतीजे सामने आ गए हैं, जिनमें पश्चिम बंगाल से बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी ने पहली बार राज्य में स्पष्ट बहुमत हासिल करते हुए 206 सीटों पर जीत दर्ज की और तृणमूल कांग्रेस के लंबे शासन का अंत कर दिया।
चुनाव परिणामों के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली के सीआर पार्क स्थित कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना कर जीत का आभार जताया। इस दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, सांसद बांसुरी स्वराज और प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा भी मौजूद रहे।
नितिन नवीन ने इस जीत को पश्चिम बंगाल की जनता का आशीर्वाद बताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य की संस्कृति और विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने सभी राज्यों में शांति और समृद्धि की कामना भी की।
गौरतलब है कि 2011 में पश्चिम बंगाल में शून्य पर रहने वाली भाजपा ने इस बार ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए तृणमूल कांग्रेस को पीछे छोड़ दिया। तृणमूल कांग्रेस 80 सीटों तक सिमट गई। चुनाव में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी कड़ी टक्कर का सामना करना पड़ा और उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वहीं भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों सीटों पर जीत दर्ज की।